सुपेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाला निगरानी बदमाश गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

आर.के. मैदान के पास लोगों को डरा-धमका रहा था आरोपी

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, कब्जे से धारदार चापड़ बरामद

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

भिलाई,  22 जून,  सुपेला थाना पुलिस ने आमजन में भय और आतंक का माहौल बनाने वाले एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आर.के. मैदान, सुपेला के पास एक युवक हाथ में धारदार चापड़ लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है और क्षेत्र में भय का वातावरण निर्मित कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम युवराज सोनी उर्फ बिल्ला (19 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर, मिनी माता चौक, थाना सुपेला, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया गया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 890/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि युवराज सोनी थाना सुपेला का निगरानी बदमाश है और उसका नाम पुलिस की निगरानी सूची में दर्ज है। उसके खिलाफ अन्य आपराधिक प्रकरण भी न्यायालय में विचाराधीन हैं।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

सराहनीय भूमिका :
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक विजय यादव, प्रधान आरक्षक उपेन्द्र सिंह, शुभोद पाण्डेय तथा आरक्षक संतोष निर्मलकर एवं प्रदीप सिंह की विशेष भूमिका रही।

Share This Article