सुपेला चौक पर ‘सुरक्षा का हेलमेट’ बना आकर्षण का केंद्र, सड़क सुरक्षा का दे रहा संदेश

Editor
By Editor 3 Min Read

चालान के डर नहीं, अपनी जान की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने की अपील

निगम और पुलिस की संयुक्त पहल से सड़क सुरक्षा अभियान को मिला नया स्वरूप

भिलाई, सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन का रूप देने की दिशा में दुर्ग पुलिस और भिलाई नगर निगम ने एक अनूठी पहल की है। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण चौराहों में शामिल सुपेला चौक पर एक विशालकाय हेलमेट मॉडल स्थापित किया गया है, जो राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान आकर्षित करने के साथ उन्हें सुरक्षित यातायात का संदेश भी दे रहा है।

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों के प्रमुख कारणों में हेलमेट का उपयोग नहीं करना शामिल है। इसी चुनौती से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने जागरूकता का नया तरीका अपनाया है। सुपेला चौक पर लगाया गया यह विशाल हेलमेट वाहन चालकों को यह याद दिला रहा है कि हेलमेट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन है।

यातायात अधिकारियों के अनुसार, अक्सर लोग चालान से बचने के लिए मजबूरी में हेलमेट पहनते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य लोगों की सोच में बदलाव लाना है। पुलिस चाहती है कि नागरिक अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्वेच्छा से हेलमेट पहनें। इसी संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए चौक पर यह प्रतीकात्मक मॉडल स्थापित किया गया है।

इस अभिनव पहल की परिकल्पना दुर्ग पुलिस ने की, जबकि इसे मूर्त रूप देने का कार्य भिलाई नगर निगम द्वारा किया गया। हेलमेट मॉडल के आसपास सौंदर्यीकरण और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य अभी जारी है। जल्द ही इसके नीचे यातायात जवानों के खड़े होने के लिए विशेष गोलाकार मंच भी तैयार किया जाएगा, जिससे चौक की पहचान और अधिक आकर्षक बनेगी।

वर्तमान में यातायात पुलिस के जवान चौक पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर केवल कार्रवाई ही नहीं कर रहे, बल्कि उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश भी दे रहे हैं। साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात और हेलमेट के नियमित उपयोग की शपथ भी दिलाई जा रही है।

प्रशासन की इस रचनात्मक पहल को शहरवासियों का भी सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। विशेष रूप से युवा वर्ग के बीच यह विशाल हेलमेट आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कई लोग इसके साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच रहा है।

पुलिस और प्रशासन को उम्मीद है कि यह अनूठा प्रयास नागरिकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार को बढ़ावा देगा, हेलमेट पहनने की आदत को मजबूत करेगा और भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Share This Article