निवेश पर मोटे रिटर्न का झांसा देकर महिला से 25 लाख रुपये ऐंठे, सहेली के 15 लाख के सोने के गहने भी गिरवी रखकर हड़पी रकम
भिलाई, ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दंपत्ति को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुद को वित्तीय सलाहकार (फाइनेंशियल कंसलटेंट) बताकर पहले महिला का विश्वास जीता और फिर लाखों रुपये निवेश के नाम पर ले लिए। इतना ही नहीं, महिला की सहेली के सोने के आभूषण भी अपने नाम पर गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये हासिल कर लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया फातिमा अहमद उर्फ स्वाती ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि पवन हरिहर सिंह और उसकी पत्नी पिंकी सिंह ने उन्हें ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि निवेश की गई राशि पर आकर्षक रिटर्न मिलेगा। इसी विश्वास में आकर प्रार्थिया ने उन्हें लगभग 25 लाख रुपये दे दिए।
सहेली के गहने भी नहीं छोड़े
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने प्रार्थिया की सहेली रजनी बारसकर के सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए। बाद में इन आभूषणों को भिलाई के पावर हाउस चौक स्थित आईआईएफएल गोल्ड फाइनेंस में अपने नाम से गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये प्राप्त कर लिए। इस तरह दोनों ने मिलकर लगभग 40 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया।
शिकायत के बाद हुए फरार
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित पक्ष ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दोनों फरार हो गए। इसके बाद जामुल थाना में अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी पवन हरिहर सिंह (49 वर्ष) एवं पिंकी सिंह (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 19 जून को उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दस्तावेज और साक्ष्य जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धोखाधड़ी से संबंधित दस्तावेज, गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों के अभिलेख तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश, ट्रेडिंग या वित्तीय योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित कंपनी और व्यक्तियों की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। अधिक मुनाफे का लालच देने वाले प्रस्तावों से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






