पूर्व रंजिश में खूनी हमला, डंडा और धारदार हथियार से तीन युवकों को किया लहूलुहान, 5 आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

जामुल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद; 3 विधि से संघर्षरत बालकों पर भी कार्रवाई

भिलाई, पूर्व में हुए विवाद और आपसी रंजिश के चलते जामुल क्षेत्र में तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने डंडे और धारदार हथियार से हमला कर तीन युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद फरार हुए आरोपियों को जामुल पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा एवं धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाम्बे आवास घासीदास नगर जामुल निवासी रूखमणी मारकण्डेय ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 जून 2026 की रात करीब 8 बजे पूर्व में हुए विवाद को लेकर मोहल्ले के ही रहने वाले हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू, दिनेश साहू उर्फ दीनू, विजय यादव उर्फ करण यादव, परिचय उर्फ गुलशन यादव, मोहम्मद आसिफ तथा उनके अन्य साथियों ने संतु मारकण्डेय, सतीश मारकण्डेय और दीपक साहू के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने डंडे एवं धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 417/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूर्व विवाद और आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक डंडा और एक धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं इस मामले में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. हर्ष साहू उर्फ अंशु साहू (18 वर्ष)
  2. दिनेश साहू उर्फ दीनू (40 वर्ष)
  3. विजय यादव उर्फ करण यादव (21 वर्ष)
  4. परिचय उर्फ गुलशन यादव (20 वर्ष)
  5. मोहम्मद आसिफ (22 वर्ष)
  6. तीन विधि से संघर्षरत बालक

पुलिस ने किया हथियार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक डंडा और एक धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून सम्मत एवं शांतिपूर्ण तरीके से करें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

Share This Article