रक्तदान जागरूकता अभियान और 75 यूनिट रक्त संग्रह में उल्लेखनीय योगदान पर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने किया सम्मानित
पाटन, विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले में रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया को कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन एवं विकासखंड पाटन में रक्तदान को बढ़ावा देने तथा सफल रक्तदान अभियान संचालित करने के लिए दिया गया।
बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि डॉ. कठौतिया ने रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से विशेष कार्ययोजना तैयार कर विकासखंड स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। उन्होंने ग्राम पंचायतों के सरपंचों, कर्मचारी संगठनों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों तथा शैक्षणिक संस्थानों से लगातार संपर्क कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
डॉ. कठौतिया ने कर्मचारी संगठनों की बैठकों में रक्तदान के महत्व पर चर्चा करते हुए प्रत्येक सदस्य से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आग्रह किया। वहीं कॉलेजों एवं अन्य संस्थानों में संगोष्ठियों के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। उनके नेतृत्व में संचालित अभियान के परिणामस्वरूप आयोजित रक्तदान शिविर में 75 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसका उपयोग गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल मरीजों तथा अन्य जरूरतमंदों के उपचार में किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि डॉ. भुवनेश्वर कठौतिया की व्यक्तिगत रुचि, सक्रियता और समर्पण के कारण यह अभियान सफल हो सका। उन्होंने कहा कि समाजहित के ऐसे कार्यों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इसी प्रकार की प्रतिबद्धता के साथ योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष मिंज, आईडीएसपी नोडल अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, जीवन दीप समिति के सदस्य प्रमोद बाग, विजय ताम्रकार, दिलीप ठाकुर तथा ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. जे.पी. मेश्राम सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डॉ. कठौतिया के सम्मानित होने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। शुभकामनाएं देने वालों में डॉ. शिखर अग्रवाल, डॉ. उमेश मिर्जा, डॉ. सुब्रत नंदी, डॉ. अर्चना चौहान, डॉ. महेश शर्मा, डॉ. रचना अग्रवाल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गलेड, डॉ. देवेंद्र बेलचंदन, डॉ. जय कुमार चुनारकर, बीईटीओ बी.एल. वर्मा, चंद्रकांता साहू, बीपीएम पूनम साहू, कर्मचारी संघ अध्यक्ष राकेश सार्वा, के.के. वर्मा, एम.आर. शेख, अपूर्वा वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य अमले के सदस्य शामिल रहे।






