स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और भाजपा मंडल कार्यालय के उद्घाटन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने दिया जनसेवा और संगठन सशक्तिकरण का संदेश
भिलाई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे “मोदी जी के 12 साल बेमिसाल” अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी भिलाई-3 मंडल द्वारा सेवा, पर्यावरण संरक्षण और संगठन सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का आयोजन मंडल अध्यक्ष वरुण यादव के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नूतन चौक मुक्ति धाम में स्वच्छता अभियान के साथ हुई। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा आम लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और हरित एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भारतीय जनता पार्टी भिलाई-3 मंडल कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने नवीन कार्यालय को संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं के संवाद तथा जनसेवा का प्रमुख केंद्र बताते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कार्यालय संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनसमस्याओं के निराकरण का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश जैन, सतीश साहू, उपकार चंद्राकर, सीता साहू, दिलीप पटेल, गोल्डी सोनी, शशि भगत और समीर अग्रवाल सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंडल अध्यक्ष वरुण यादव ने कहा कि “मोदी के 12 साल बेमिसाल” अभियान के माध्यम से सेवा कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।






