“पर्यावरण मित्र सम्मान 2026” एवं “विचारक्रांति नशामुक्त भारत सम्मान 2026” से हुए सम्मानित
नकुड़, सहारनपुर, सहारनपुर के शिक्षक एवं साहित्यकार सुनील कुमार खुराना को सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए दो राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस एवं विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर उन्हें “पर्यावरण मित्र सम्मान 2026” तथा “विचारक्रांति नशामुक्त भारत सम्मान 2026” प्रदान किए गए।
बिहार की प्रतिष्ठित संस्था एम एस केसरी पब्लिकेशन, मुजफ्फरपुर द्वारा आयोजित “एक पेड़ साहित्य के नाम” अभियान में सक्रिय सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण फैलाने के लिए सुनील कुमार खुराना को “पर्यावरण मित्र सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। संस्था की सीईओ मुस्कान केसरी ने बताया कि साहित्य और पर्यावरण के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने वाले साहित्यकारों एवं पर्यावरण प्रेमियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।

सुनील कुमार खुराना ने इस अवसर पर कहा कि साहित्य और प्रकृति एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, स्वच्छता बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण विषय पर कई प्रेरणादायक कविताएं भी लिखी हैं, जिनमें प्रकृति और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश निहित है।
वहीं, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर विचारक्रांति साहित्य सेवा संस्थान, सिंगरौली (मध्यप्रदेश) द्वारा सुनील कुमार खुराना को “विचारक्रांति नशामुक्त भारत सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज में नशामुक्ति एवं तंबाकू विरोधी जागरूकता फैलाने, स्वस्थ समाज निर्माण और सतत सामाजिक प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।

संस्थान ने इस अवसर पर संदेश दिया — “तंबाकू नहीं, मौत की पुड़िया है।” साथ ही लोगों से तंबाकू और अन्य नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की गई।
विशेष बात यह रही कि 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सुनील कुमार खुराना को उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ से भी विभिन्न राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया गया। इससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा साहित्य, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
सुनील कुमार खुराना वर्तमान में उच्च प्राथमिक विद्यालय बाधी, नकुड़ सहारनपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। विभिन्न संस्थाओं द्वारा मिले इन सम्मानों को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।






