भिलाई, इस्पात नगरी भिलाई के वरिष्ठ साहित्यकार एनएल मौर्य ”प्रीतम” को जबलपुर में आयोजित एक सामाजिक सम्मेलन में राष्ट्रीय ग्रेट अशोका अवार्ड से सम्मानित किया गया। रानी दुर्गावती संग्रहालय स्थित कला वीथिका सभा हॉल, जबलपुर में यह समारोह हुआ। अशोक प्रबुद्ध समृद्ध भारत मिशन फाउंडेशन भारत एवं अखिल भारतीय कुशवाहा समण खत्तीय क्षत्रिय शाक्य मौर्य काछी पाटीदार माली सैनी संयुक्त महासंघ भारत के संयुक्त तत्वावधान में देश भर के सामाजिक बंधु जुटे।
आयोजन का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डायरेक्टर डॉ. देवा बोधी अशोक (डॉ. दिनेश पटेल) ने किया। कार्यक्रम में प्रथम ग्रेट अशोका अवार्ड के माध्यम से शिक्षा, समाज सेवा, साहित्य, संगठन एवं जन जागरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। साथ ही समाज प्रवर्तन 254 दिवसीय मध्यप्रदेश बाइक यात्रा प्रदर्शनी तथा प्राचीन मौर्य-बौद्ध मठ गोपालपुर लामेटाघाट, जबलपुर की विशेष प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. देवा बोधी अशोक (दिनेश पटेल) ने घोषणा की कि अशोक प्रबुद्ध समृद्ध भारत मिशन का संदेश मध्य प्रदेश की प्रत्येक तहसील, गांव एवं जिले तक पहुंचाने के लिए आगामी 18 माह तक व्यापक जन जागरण एवं कार्य यात्रा अभियान चलाएगा।

आयोजन को प्रदेश अध्यक्ष चंद्र मोहन सिंह कुशवाहा (इंदौर), अंतरराष्ट्रीय संरक्षक डॉ. वीर बहादुर महतो (नेपाल), मुख्य अतिथि शिवपूजन कृषिवाहा और विशिष्ट अतिथि तपेंद्र शाक्य (पूर्व आईएएस, लखनऊ) ने भी संबोधित किया। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे सम्राट अशोक अकादमी के प्रदेश महासचिव एवं साहित्यकार एनएल मौर्य ”प्रीतम” ने मानव कल्याण, सामाजिक जागरूकता एवं वैचारिक आंदोलन को निरंतर आगे बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि साहित्य सृजन परिषद भिलाई के अध्यक्ष मौर्य वर्तमान में सम्राट अशोक अकादमी छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव भी हैं। वे अंचल की विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्हें अब तक 36 से ज्यादा राष्ट्रीय व स्थानीय स्तर के सम्मान मिल चुके हैं।






