स्वास्थ्य चेतना की ओर बढ़ते कदम: भिलाई में सात दिवसीय योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर शुरू

Editor
By Editor 3 Min Read

योग, सूर्य नमस्कार और प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ व तनावमुक्त जीवन का दिया जा रहा संदेश

भिलाई, देशवासियों में स्वास्थ्य चेतना जागृत करने तथा तनावमुक्त एवं निरोगी जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गायत्री शक्तिपीठ खुर्सीपार के सौजन्य एवं पतंजलि योग समिति दुर्ग के तत्वावधान में सात दिवसीय स्वास्थ्य चेतना, योग-प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का आयोजन पुराना गार्डन, भिलाई-3 दक्षिण वसुंधरा नगर में किया जा रहा है। शिविर में स्थानीय नागरिकों, युवाओं, आस्था महिला मानस मंडल एवं क्षेत्रवासियों का उत्साहपूर्ण सहयोग मिल रहा है।

शिविर के दूसरे दिन कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नागरिक महेंद्र वर्मा द्वारा मां गायत्री एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र का वाचन कर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

योग प्रशिक्षक उमेश साहू ने प्रतिभागियों को अनुलोम-विलोम, सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, नौकासन, मकरासन, भुजंगासन, शशकासन सहित विभिन्न योगासनों की सैद्धांतिक जानकारी दी तथा उनका प्रायोगिक अभ्यास भी कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग और प्राणायाम से अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों की रोकथाम संभव है तथा जीवन में संतुलन और ऊर्जा का संचार होता है।

शिविर में वर्षों चौधरी एवं उनकी सहयोगी टीम ने उपस्थित लोगों की शुगर, रक्तचाप तथा नाड़ी की जांच की। साथ ही एक्यूप्रेशर चिकित्सा पद्धति के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान और प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि महेंद्र वर्मा का अबीर-तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा पीत पट्टिका एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

साप्ताहिक स्वास्थ्य चेतना शिविर के सफल संचालन में गायत्री शक्तिपीठ की वरिष्ठ सदस्य  रत्ना वर्मा, लक्ष्मण देवांगन, नरेंद्र पटेल, राजेश तिवारी, शत्रुघ्न साहू, पेखन साहू, योग प्रशिक्षक उमेश साहू सहित स्थानीय नागरिक अनिश चंद्राकर, लोक संस्कृति कर्मी रामकुमार वर्मा, समाजसेवी साधना वर्मा, महेंद्र वर्मा तथा आस्था महिला मानस मंडल की सदस्य लक्ष्मी चंद्राकर, लता धुरंध, नंदा दामले और सुनंदा नासरे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

आयोजकों ने नागरिकों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर योग, प्राणायाम एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया है।

Share This Article