पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल समेत वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर दिया जोर
भिलाई, रानीतराई, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए रानीतराई क्षेत्र के विभिन्न गांवों में कांग्रेस पार्टी द्वारा वार्ड सृजन एवं बूथ सृजन को लेकर बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में पार्टी संगठन को गांव स्तर तक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा बूथ स्तर पर सक्रिय टीम तैयार करने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर आम लोगों से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा, जिला महामंत्री एवं जामगांव आर प्रभारी राम सूर्यवंशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जामगांव आर राजेश ठाकुर तथा असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल वर्मा ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए वार्ड एवं बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता तैयार करने तथा जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने क्षेत्र में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
बैठक में प्रेम मिश्रा, लक्ष्मी नारायण मारकंडे, विजय पुरी, नामदास कुर्रे, छवि गोलू, ऋषभ तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और बूथ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


कांग्रेस नेताओं ने विश्वास जताया कि वार्ड एवं बूथ सृजन अभियान से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा पार्टी की जमीनी पकड़ और अधिक मजबूत होगी। बैठक का समापन कार्यकर्ताओं के उत्साहवर्धन और संगठन को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।





