मनरेगा बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने मजदूरों को किया जागरूक, भाजपा सरकार पर हक छीनने का लगाया आरोप

Editor
By Editor 3 Min Read

दुर्ग जिले के मोखली, खर्रा और रेंगा बहेरा गांवों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने मनरेगा श्रमिकों से की मुलाकात, योजनाओं और अधिकारों की दी जानकारी

दुर्ग, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के संरक्षण और श्रमिकों के अधिकारों को लेकर चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ अभियान” के अंतर्गत असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दुर्ग जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर मनरेगा मजदूरों को जागरूक किया। अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्राम मोखली, खर्रा और रेंगा बहेरा पहुंचकर श्रमिकों से संवाद किया तथा उन्हें उनके अधिकारों और योजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्रदान कीं।

अभियान प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक बोरकर के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार मनरेगा से जुड़े मजदूरों के हितों की अनदेखी कर रही है तथा विभिन्न स्तरों पर उनके अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और श्रमिक परिवारों के लिए आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसके प्रभावी संचालन और श्रमिकों के हितों की रक्षा आवश्यक है।

कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को मनरेगा के तहत उपलब्ध रोजगार, मजदूरी भुगतान, कार्यस्थल सुविधाओं तथा अन्य प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि मजदूरों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया जाएगा।

अभियान के दौरान जिला महामंत्री दुर्ग ग्रामीण एवं प्रदेश सचिव कर्मचारी कांग्रेस  राम सूर्यवंशी तथा कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा ने श्रमिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण योजना है और इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, प्रेम मिश्रा, विजय पुरी, मोंटी यादव, लक्ष्मी नारायण मारकंडे, नामदास कुर्रे, छवि, गोलू, ऋषभ तिवारी, अजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article