नगर पालिका गठन, कॉलेज, 100 बिस्तर अस्पताल, बैंक शाखा और पुलिस चौकी खोलने सहित विभिन्न विकास कार्यों की उठाई मांग
भिलाई, क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को लेकर वार्ड पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने सुशासन शिविर में विस्तृत आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में पटरी पार क्षेत्र के समग्र विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।
पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने बताया कि ग्राम कुगदा, उरला, देवबलौदा, जी केबिन, सिरसाकला, मोरिद, गनियारी तथा सोमानी को मिलाकर नई नगर पालिका का गठन किया जाना चाहिए, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही पटरी पार क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कॉलेज, सामाजिक गतिविधियों के लिए सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु 100 बिस्तरों वाले अस्पताल, बैंक शाखा तथा पुलिस चौकी की स्थापना की मांग की गई है।
अधूरे विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग
आवेदन में क्षेत्र के विभिन्न अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने की मांग भी शामिल है। इनमें शिव मंदिर वार्ड क्रमांक 31 से घासीदास मंदिर एवं सी-केबिन तक सीसी रोड निर्माण, सात बहनिया मंदिर से डीएमसी चौक तक विद्युत पोल एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा देवबलौदा बाजार चौक से मुक्तिधाम होते हुए उरला स्थित मनी कंचन केंद्र तक विद्युत पोल और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग प्रमुख है।
इसके अलावा देवबलौदा गौस्थल से बाजार चौक तक अधूरे पड़े नहर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने का भी आवेदन दिया गया है।
सात माह से पेंशन नहीं मिलने की शिकायत
सुशासन शिविर में वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांग हितग्राहियों को पिछले सात माह से पेंशन राशि नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। पार्षद ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।

पेयजल समस्या के समाधान हेतु पाइपलाइन विस्तार की मांग
क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने के लिए रामसागर पारा उरला वार्ड क्रमांक 31 में पाइपलाइन विस्तार, धर्मेंद्र शर्मा के घर से गंगा वर्मा के घर तक नई पाइपलाइन तथा ग्राम देवबलौदा में पुरुषोत्तम साहू की बाड़ी से धनु बंजारे के घर तक पाइपलाइन विस्तार कार्य कराने की मांग भी आवेदन में शामिल की गई है।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण कांग्रेस के जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी, असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा, प्रेम कुमार मिश्रा, विजय पुरी, डक्स पटेल, सौरभ वर्मा, ऋषभ तिवारी, मोंटी यादव, जीतू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
पार्षद भारती राम सूर्यवंशी ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इन मांगों के निराकरण के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।




