अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का मुख्य आरोपी पुलिस रिमांड पर, विशेष औजार व वाहन बरामद

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, थाना सुपेला क्षेत्र में घटित बहुचर्चित चोरी प्रकरण में अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह के कुख्यात नकबजन मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान की गई विस्तृत पूछताछ में आरोपी ने चोरी की कई वारदातों और उनके तरीकों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बंद मकानों, फ्लैटों और आवासीय परिसरों की पहले रेकी करता था, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। चोरी के दौरान ताले, अलमारी और लॉकर तोड़ने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए औजारों का उपयोग किया जाता था।

आरोपी की निशानदेही पर रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर की पार्किंग से एक एक्टिवा दोपहिया वाहन और सीट के नीचे छुपाकर रखे गए ताला एवं लॉकर तोड़ने के विशेष औजार बरामद किए गए। बरामद सामान में पाना, पेचकस, कटर, लोहे की रॉड तथा अन्य कस्टमाइज्ड उपकरण शामिल हैं, जिन्हें एक लोहार से विशेष रूप से तैयार कराया गया था।

पुलिस ने आरोपी से CG10 AG 4136 नंबर की एक्टिवा भी जप्त की है, जिसका उपयोग रायपुर से भिलाई-दुर्ग आकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और वापस लौटने में किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश के भोपाल, गोविंदपुरा, कोहेफिजा, इंदौर के पलासिया, चंडीगढ़ सहित कई स्थानों पर चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। पुलिस द्वारा पूर्व में गिरोह के अन्य सदस्यों तथा चोरी का सामान खरीदने वालों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

दुर्ग पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई की है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं आगे की विवेचना जारी है।

Share This Article