आर्य नगर में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत, पति-पत्नी फांसी पर मिले, दो मासूम बच्चों के शव बेड पर

Editor
By Editor 3 Min Read

सुसाइड नोट मिलने से पारिवारिक विवाद की आशंका, एफएसएल टीम जांच में जुटी

दुर्ग, शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्य नगर में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। निजी मकान में पति-पत्नी का शव फांसी पर लटका मिला, जबकि उनके दो मासूम बच्चे मृत अवस्था में बेड पर पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) और पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी घर के भीतर फांसी पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चे बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे।

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर एफएसएल यूनिट को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद का हवाला सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं बच्चों की मौत को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले कोई इंजेक्शन या नशीला पदार्थ दिया गया हो, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने थाना मोहन नगर में मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

इस हृदयविदारक घटना के बाद आर्य नगर क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं और परिवार के साथ आखिर ऐसा क्या हुआ, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Share This Article