86 हजार बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अहिवारा में शुरू हुआ संभागीय कार्यालय

Editor
By Editor 3 Min Read

अब शिकायत, बिल सुधार और विद्युत सेवाओं के लिए भिलाई-3 नहीं जाना पड़ेगा

धमधा-अहिवारा क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी दूर, स्थानीय स्तर पर मिलेगा त्वरित समाधान

भिलाई, बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिजली वितरण कंपनी ने बड़ा निर्णय लेते हुए अहिवारा संभागीय कार्यालय को भिलाई-3 से स्थानांतरित कर अहिवारा में शुरू कर दिया है। इस फैसले से क्षेत्र के 86 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। अब उपभोक्ताओं को शिकायतों के निराकरण, बिल सुधार, नए कनेक्शन, विद्युत संबंधी दस्तावेजी कार्य और अन्य सेवाओं के लिए भिलाई-3 तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

बिजली कंपनी ने पहले ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अहिवारा और पाटन को अलग-अलग संभागीय कार्यालय घोषित कर दिया था, लेकिन भवन की कमी के कारण अहिवारा कार्यालय शुरू नहीं हो पा रहा था। अब अहिवारा वितरण केंद्र परिसर में भवन विस्तार कार्य पूरा होने के बाद यहां संभागीय कार्यालय विधिवत प्रारंभ कर दिया गया है।

आठ वितरण केंद्रों के उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

अहिवारा संभागीय कार्यालय के अंतर्गत कुम्हारी और धमधा उपसंभाग शामिल किए गए हैं। धमधा उपसंभाग में धमधा, ठेलका, दारगांव और ननकट्ठी वितरण केंद्र आते हैं, जबकि कुम्हारी उपसंभाग के अंतर्गत कुम्हारी, मुरमुंदा, अहिवारा और जामुल वितरण केंद्र शामिल हैं। इन सभी आठ वितरण केंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को अब स्थानीय स्तर पर ही अधिकांश समस्याओं का समाधान मिल सकेगा।

यदि वितरण केंद्र स्तर पर किसी समस्या का समाधान नहीं हो पाता है, तो उपभोक्ताओं को अब भिलाई-3 जाने के बजाय अहिवारा कार्यालय में ही सभी कार्यों का निराकरण मिल जाएगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।

धमधा क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक राहत

सबसे अधिक राहत धमधा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलने वाली है। अब तक उन्हें अपने कार्यों के लिए करीब 25 किलोमीटर दूर भिलाई-3 जाना पड़ता था। कई बार एक ही दिन में काम नहीं होने पर दोबारा चक्कर लगाना पड़ता था, जिससे लोगों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए कार्यालय के शुरू होने से अब लोगों को स्थानीय स्तर पर त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।

उपभोक्ता सुविधा को दी गई प्राथमिकता

बिजली कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। स्थानीय स्तर पर कार्यालय शुरू होने से शिकायतों का तेजी से निराकरण होगा और लोगों की परेशानी कम होगी।

बयान

“उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भवन उपलब्ध होते ही अहिवारा वितरण केंद्र परिसर में संभागीय कार्यालय प्रारंभ कर दिया गया है। इससे आम नागरिकों को त्वरित और स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।”

— टीएल सहारे, कार्यपालन अभियंता, अहिवारा संभाग बिजली वितरण कंपनी

Share This Article