भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 की जीवन दीप समिति की बैठक विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, दिलीप पटेल एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, संसाधनों और आय के स्रोत बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, लेकिन ओपीडी पर्ची और जांच शुल्क लागू करने के फैसले ने आम मरीजों की चिंता बढ़ा दी है।
बैठक में सर्वसम्मति से ओपीडी पर्ची के लिए 10 रुपये शुल्क लेने का निर्णय लिया गया। हालांकि गर्भवती महिलाओं, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा एक वर्ष तक के बच्चों को नि:शुल्क सुविधा देने का प्रावधान रखा गया है। इसके अलावा अस्पताल में जीवन दीप समिति कर्मियों के नियमित मानदेय भुगतान के लिए आय बढ़ाने के उद्देश्य से लैब जांचों में भी शुल्क लेने पर सहमति बनी। हालांकि ब्लड शुगर, एचआईवी और डेंगू जैसी जांचें पूर्व की भांति नि:शुल्क रहेंगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार इलाज के लिए सबसे अधिक निर्भर रहते हैं। ऐसे में ओपीडी और जांच शुल्क लागू होने से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
बैठक में विधायक डोमन लाल कोर्सेवाडा के विधायक निधि से अस्पताल में दो अतिरिक्त कक्ष निर्माण की सहमति दी गई। वहीं दवा भंडारण के लिए स्टोर में एयर कंडीशनर उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई। मेल वार्ड के संधारण कार्य, वाहन व्यवस्था सुधारने के लिए बैरीकेट्स निर्माण तथा आम नागरिकों के लिए वाटर एटीएम लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। कार्यालयीन कार्यों के लिए दो कंप्यूटर सेट, प्रशिक्षण हेतु माइक सेट और प्रोजेक्टर खरीदने पर भी सहमति बनी।
बैठक में पार्षद फिरोज फारूखी, प्रेमलता चंद्राकर, डॉ. राधेश्याम वर्मा, विद्युत मंडल के सहायक अभियंता मुकेश कुमार लहरे, नगर निगम चरोदा-भिलाई के स्वच्छता निरीक्षक वीणु वर्मा, आर. विश्वास, मितानिन झामिन वर्मा, डॉ. शिखर अग्रवाल, बीईटीओ सैय्यद असलम, आरएमए प्रज्ञा कुशवाहा तथा सफाई सुपरवाइजर ताम्रध्वज साहू सहित समिति के सदस्य एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



