सुशासन तिहार के तहत लगाए गए शिविर में BP-शुगर जांच, स्त्री रोग एवं जोड़ों की समस्याओं की स्क्रीनिंग भी की गई
भिलाई, सुशासन तिहार जन समस्या निवारण शिविर के अंतर्गत 20 मई 2026 को शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय, भिलाई-3 के तत्वावधान में उच्च माध्यमिक शाला नारधा में आयुष शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर जिला आयुष अधिकारी दुर्ग डॉ. दिनेश चंद्रवंशी के निर्देशन में संपन्न हुआ। शिविर में ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं औषधि वितरण की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर में अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा तथा जनपद अध्यक्ष सरस्वती बंजारे की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने शिविर का अवलोकन कर आयुष विभाग की पहल की सराहना की।
आयोजित शिविर में डॉ. रूबी वासनिक, डॉ. पूजा सिन्हा, फार्मासिस्ट जालेन्द्र उइके एवं औषधालय सेवक सचिन शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकीय टीम द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को आम पानक वितरित किया गया, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया। साथ ही रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर जांच के अलावा स्त्री रोग तथा जोड़ों से संबंधित समस्याओं की स्क्रीनिंग भी की गई। स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयुष संबंधी जानकारी वाले ब्रोशर्स भी वितरित किए गए।
आयुष विभाग के अनुसार शिविर में कुल 103 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया तथा सभी को निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुलभ, प्रभावी एवं पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना था, जिसमें विभाग को सफलता मिली।



