भिलाई, कुम्हारी टोल प्लाजा पर शुक्रवार 15 मई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार को रोकने के दौरान यातायात आरक्षक के घायल होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, रायपुर की ओर से आ रही होंडा कार क्रमांक एमएच-02-एडब्ल्यू-3475 को यातायात पुलिस ने जांच के लिए रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। इस दौरान यातायात आरक्षक रमेश चंद्राकर को हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि कार में नागपुर निवासी मोहम्मद जाकिर (24 वर्ष) वाहन चला रहा था। उसके साथ रमजान शेख (21 वर्ष) तथा दो युवतियां सवार थीं, जिनमें एक बालिग और दूसरी नाबालिग बताई जा रही है। दोनों युवतियां नागपुर के चिखली क्षेत्र की निवासी हैं। घटना दोपहर करीब सवा एक बजे की बताई गई है।
पुलिस के अनुसार उक्त कार को बाद में सिरसा गेट क्षेत्र में पकड़ा गया और सभी को पूछताछ के लिए थाना कुम्हारी लाया गया। सूत्रों के अनुसार वाहन से कथित रूप से कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की चर्चा भी है, हालांकि पुलिस अधिकारियों द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग थाना पहुंचे। इनमें राजेश वैद, राम बिहारी मिश्रा, पुष्पराज राजपूत, साजन माली, संजय सिंह ठाकुर, रवि राव, समीर अग्रवाल तथा पी. एन. दुबे सहित अन्य लोग शामिल थे। उपस्थित कुछ लोगों ने मामले को “लव जिहाद” से जुड़ा होने की आशंका जताई है।
फिलहाल पुरुषोत्तम कुर्रे मामले में पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



