भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1 की शेष 58 दुकानों की नीलामी में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की गई है। पाँच दिनों तक चली इस नीलामी प्रक्रिया में पहली बार ऐसा हुआ कि निगम क्षेत्र के सभी भूखंड एक साथ सफलतापूर्वक नीलाम हो गए। कुल 40 बड़े और 18 छोटे भूखंड शासकीय दर से लगभग तीन गुना अधिक मूल्य पर बिके, जिससे पुराने रिकॉर्ड टूट गए।
शासकीय दर के अनुसार इन भूखंडों से लगभग 5 करोड़ 77 लाख रुपये का राजस्व अनुमानित था, लेकिन प्रतिस्पर्धी बोली के चलते यह राशि बढ़कर लगभग 15 करोड़ 64 लाख रुपये तक पहुंच गई। बड़े भूखंडों की बोली 19 लाख से 43 लाख रुपये तक तथा छोटे भूखंडों की बोली 11 लाख से 19 लाख रुपये तक दर्ज की गई।
निगम प्रशासन ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर फेज-1 योजना के लंबे समय से लंबित भूखंडों की नीलामी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न की गई। महापौर निर्मल कोसरे और आयुक्त डी. एस. राजपूत के निर्देश पर संपदा विभाग ने लगातार तैयारी कर यह प्रक्रिया सफल बनाई।
अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी वसुंधरा नगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं विश्वबैंक कॉलोनी के रिक्त भूखंडों की नीलामी कर निगम की आय बढ़ाई गई थी। इसी क्रम में ट्रांसपोर्ट नगर की नीलामी से निगम को आर्थिक मजबूती मिली है।
नीलामी में भाग लेने वाले सफल बोलीदाताओं को एक दिवस के भीतर भूखंड मूल्य का 35 प्रतिशत निगम कोष में जमा करना अनिवार्य किया गया है, अन्यथा उनकी बोली निरस्त की जाएगी। निगम ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही फेज-2 में 100 दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
चार दिनों तक चली इस प्रक्रिया में महापौर, आयुक्त, एमआईसी सदस्य, संपदा एवं राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार मौजूद रहे, जिससे पूरी नीलामी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकी।



