पेट्रोल-डीजल संकट से थमा निगम का पहिया, भिलाई-चरौदा नगर निगम की गाड़ियां सुबह से खड़ी

Editor
By Editor 2 Min Read

ईंधन नहीं मिलने से सफाई, निरीक्षण और प्रशासनिक कार्य प्रभावित; महापौर निर्मल कोसरे बोले- व्यवस्था होते ही काम होगा सामान्य

भिलाई,  प्रदेश में गहराते पेट्रोल और डीजल संकट का असर अब सरकारी कामकाज पर भी दिखाई देने लगा है। भिलाई-चरौदा नगर निगम में शुक्रवार सुबह से कई निगम वाहन ईंधन के अभाव में खड़े रहे, जिससे निगम की नियमित गतिविधियां प्रभावित हुईं। सफाई व्यवस्था, क्षेत्रीय निरीक्षण और अन्य प्रशासनिक कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

नगर निगम के विभिन्न विभागों में उपयोग होने वाले वाहन पेट्रोल और डीजल नहीं मिलने के कारण संचालित नहीं हो सके। इसका सीधा असर शहर की दैनिक व्यवस्थाओं पर पड़ा। कई कर्मचारियों को फील्ड में पहुंचने और कार्य निष्पादन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार ईंधन संकट के चलते वाहन संचालन प्रभावित हुआ है। निगम की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जरूरी सेवाएं बाधित न हों।

महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं होने की वजह से निगम की गाड़ियां खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही ईंधन की व्यवस्था होगी, नगर निगम का कामकाज फिर से सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

प्रदेश में जारी ईंधन संकट का असर अब आम लोगों के साथ-साथ सरकारी संस्थाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। लोगों को पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं अब सरकारी सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि हालात कब तक सामान्य होंगे और नगर निगम की व्यवस्थाएं पूरी तरह पटरी पर कब लौटेंगी।

Share This Article