बेटी के अंतिम संस्कार में गए परिवार के सूने मकान से नकदी और जेवर चोरी

Editor
By Editor 4 Min Read

संवेदना जताने पहुंची सहकर्मी की पत्नी पर चोरी का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से खुलासा; पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा

भिलाई, बेटी की मौत के गम में डूबे परिवार को सांत्वना देने पहुंची परिचित महिला पर ही घर में चोरी करने का आरोप लगा है। भिलाई नगर थाना क्षेत्र के तालपुरी स्थित बी-ब्लॉक में रेलवे लोको पायलट के मकान से नकदी और सोने के झुमके चोरी होने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तालपुरी के आर्किड परिसर की बिल्डिंग नंबर 11 के चौथे माले पर रहने वाले रेलवे लोको पायलट गजानन अवचट की बेटी अक्षिता अवचट की 20 अक्टूबर 2026 को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अंतिम संस्कार में शामिल होने और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों तथा परिचितों का आना-जाना लगा हुआ था।

अंतिम संस्कार के दौरान मकान था सूना

20 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे परिवार के सदस्य और रिश्तेदार बेटी के अंतिम संस्कार के लिए रिसाली मुक्तिधाम गए थे। इस दौरान मकान सूना था। आरोप है कि इसी मौके का फायदा उठाकर घर में मौजूद नकदी और सोने के झुमके चोरी कर लिए गए।

अगली सुबह गजानन अवचट ने अपनी जेब में रखे रुपये गायब पाए। इसके बाद घर की जांच करने पर बेटी के बेडरूम में रखी नकदी, पत्नी सुनीता अवचट के पास रखे रुपये और सोने के कान के झुमके भी नहीं मिले। बेटी के अंतिम संस्कार और क्रियाकर्म में व्यस्त रहने के कारण उन्होंने 26 अक्टूबर को भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में करीब 45 हजार रुपये नकद और सोने के झुमके चोरी होने की जानकारी दी गई।

सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

शिकायत मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर चोरी के मामले में एक परिचित महिला की भूमिका सामने आई। पुलिस ने इसके आधार पर स्मृति नगर निवासी कीर्ति करांगले को गिरफ्तार किया।

जांच में पता चला कि कीर्ति करांगले के पति राकेश करांगले रेलवे में लोको पायलट हैं और गजानन अवचट के सहकर्मी हैं। इसी वजह से दोनों परिवारों के बीच परिचय और पारिवारिक संबंध थे। आरोप है कि 20 अक्टूबर को कीर्ति अपने पति के साथ शोक जताने गजानन अवचट के घर पहुंची थी। इसी दौरान परिवार के सदस्य अंतिम यात्रा की तैयारियों में व्यस्त थे और मकान सूना था।

पुलिस के अनुसार, इसी स्थिति का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालयीन आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

Link : https://shricgnewscreator.com/cash-and-jewellery-stolen-from-a-familys-vacant-house-while-they-were-away-for-their-daughters-funeral/

Share This Article