खुर्सीपार में तड़के सुबह दुर्ग पुलिस का सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान, 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रकों की जांच

Editor
By Editor 3 Min Read

सुबह 4 से 9 बजे तक चले विशेष चेकिंग अभियान में 7 संदिग्ध बाइक जब्त, 3 संदिग्धों से पूछताछ; नशा, अवैध गतिविधियों और हथियार रखने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर

भिलाई, जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा सोमवार तड़के खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग एवं कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान सुबह 4 बजे से 9 बजे तक लगातार संचालित किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नगर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारियों सहित 100 से अधिक पुलिस जवानों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान करीब 500 मकानों और 200 ट्रेलर-ट्रक वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए वाहनों की डिक्की चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी तथा दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।

ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पुलिस ने ट्रक चालकों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और आधार कार्ड की जांच की। वहीं मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों तथा धारदार हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष निगरानी रखते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध मोटरसाइकिलों को जब्त किया है। इसके अलावा खुर्सीपार क्षेत्र से 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। पुलिस उनके संबंध में विस्तृत जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस विशेष अभियान में थाना खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस तथा रक्षित केंद्र दुर्ग के संयुक्त पुलिस बल ने हिस्सा लिया। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी यदुमणि सिदार, थाना प्रभारी खुर्सीपार, थाना प्रभारी भिलाई-3, थाना प्रभारी जामुल और यातायात प्रभारी दुर्ग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस की सुरक्षा एवं चेकिंग संबंधी कार्रवाई में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी थाना को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share This Article