हाउसिंग बोर्ड गुरुद्वारे में 40 दिवसीय सुखमनी साहिब पाठ आरंभ, गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर होगा समापन

Editor
By Editor 3 Min Read

देशहित और मानव सेवा का संकल्प लेकर प्रतिदिन हो रहे पाठ व कीर्तन दरबार, 18 जून को श्रद्धालुओं के लिए चना-शर्बत वितरण और विशेष लंगर आयोजन

भिलाई, औद्योगिक क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु अर्जन देव जी हाउसिंग बोर्ड में सिख धर्म के पांचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व को समर्पित 40 दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत 9 मई से की गई है। देशभर के गुरुद्वारों में चल रहे इस विशेष आयोजन के तहत यहां भी प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक सुखमनी साहिब के पाठ, कीर्तन और अरदास का आयोजन किया जा रहा है। इन पाठों का समापन 18 जून को गुरु अर्जन देव जी के शहीदी पर्व पर होगा।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि यह आयोजन गुरु परंपरा के त्याग, समर्पण और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। श्रद्धालु अपने जीवन को गुरुओं की शिक्षा के अनुरूप ढालने तथा देश और समाज हित में समर्पित रहने का संकल्प ले रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान रागी जत्थों द्वारा सजे कीर्तन दरबार में गुरु अर्जन देव जी की शहादत, त्याग और परमात्मा के प्रति अटूट आस्था का वर्णन कीर्तन एवं कथाओं के माध्यम से किया जा रहा है। संगत बड़ी श्रद्धा के साथ गुरुजी की शहीदी गाथा का श्रवण कर रही है। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में कढ़ाह प्रसाद और लंगर वितरित किया जा रहा है।

संगत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बताया कि गुरु अर्जन देव जी को आध्यात्मिक जगत में सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में सर्वाधिक वाणी भी उन्हीं की दर्ज है। उन्होंने मानव कल्याण, सेवा और सभी धर्मों के प्रति प्रेम का संदेश दिया। मुगल शासक जहांगीर के शासनकाल में अमानवीय यातनाएं सहने के बावजूद गुरुजी ने धैर्य, शांति और ईश्वर भक्ति का मार्ग नहीं छोड़ा। तपते तवे पर बैठाकर गर्म रेत डाले जाने जैसी यातनाओं के बीच भी उन्होंने “तेरा भाणा मीठा लागे” का संदेश देकर सहनशीलता और समर्पण की मिसाल पेश की।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जसवीर सिंह सहित कमेटी सदस्यों और संगत ने इस अवसर पर समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा, भूखमरी और अज्ञानता जैसी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

कमेटी ने बताया कि 18 जून को शहीदी पर्व के अवसर पर राहगीरों और श्रद्धालुओं को तृप्त करने के लिए विशेष रूप से चना एवं शर्बत वितरण किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय संगत तन, मन और धन से सहयोग प्रदान कर रही है।

Share This Article