भिलाई के युवक की बाइक नंबर का दुरुपयोग, 50 हजार तक पहुंचे ई-चालान—पुलिस ने आरोपी को रायपुर से दबोचा

Editor
By Editor 2 Min Read

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की तत्परता से कार्रवाई, शिकायत के बाद हुआ खुलासा

भिलाई, भिलाई निवासी ज्योति कांत अग्रवाल की मोटरसाइकिल के नंबर का दुरुपयोग कर गलत ई-चालान कटने का मामला सामने आया है। आरोपी द्वारा किसी अन्य वाहन में CG 07 BK 7848 नंबर की नकली नंबर प्लेट लगाकर रायपुर क्षेत्र में वाहन चलाया जा रहा था, जिसके कारण वास्तविक वाहन स्वामी को लगातार ई-चालान मिल रहे थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी बजाज Avenger 220 सीसी मोटरसाइकिल घर में ही खड़ी थी, इसके बावजूद रायपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा बार-बार चालान जारी किए जा रहे थे। चालान की तस्वीरों में स्पष्ट था कि संबंधित वाहन उनकी बाइक नहीं, बल्कि किसी अन्य कंपनी का वाहन है।

बताया गया कि बॉम्बे मार्केट से मिलेनियम प्लाजा मार्ग के बीच से लगातार चालान जारी हुए, जिससे संदेह गहराया। देखते ही देखते गलत तरीके से कटे गए ई-चालानों की राशि करीब 50 हजार रुपये तक पहुंच गई।

मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से की गई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसे रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चला रहा था, जिससे असली वाहन मालिक को आर्थिक और कानूनी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस प्रकार का कोई मामला सामने आता है तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Share This Article