चारधाम यात्रा के दौरान हादसा: भिलाई के सेवानिवृत्त PWD अधिकारी पूनमचंद गुप्ता का निधन

Editor
By Editor 3 Min Read

यमुनोत्री में घोड़े से गिरने पर लगी गंभीर चोट, दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान टूटी सांस

भिलाई, नई दिल्ली, 5 मई 2026, चारधाम यात्रा पर गए भिलाई के पीडब्ल्यूडी (PWD) के सेवानिवृत्त अधिकारी पूनमचंद गुप्ता का उपचार के दौरान दुखद निधन हो गया। वे अपनी पत्नी अनीता गुप्ता के साथ धार्मिक यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान यमुनोत्री में हुए एक हादसे ने पूरे परिवार और समाज को शोक में डुबो दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री धाम की चढ़ाई के दौरान घोड़े पर सवार होते समय अचानक काठी टूट गई। इससे उनका पैर घोड़े के पैर रखने वाले लोहे के छल्ले में फंस गया और गिरने से कमर के पास की हड्डी गंभीर रूप से टूट गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार देते हुए एंबुलेंस से दिल्ली लाया गया, जहां फोर्टिस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान हार्ट सर्जरी की प्रक्रिया में उनकी पल्स अचानक लो हो गई, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। उनकी पत्नी अनीता गुप्ता ने बताया कि हादसे से पहले वे पूरी तरह स्वस्थ और प्रसन्न थे। सुबह उन्होंने चाय-नाश्ता किया, परिवार से बातचीत की और अपने पुत्र को पश्चिम बंगाल के परीक्षा परिणाम भी भेजे थे।

पूनमचंद गुप्ता का पार्थिव शरीर भिलाई लाया जाएगा। उनके पुत्र शुभी गुप्ता के अमेरिका से लौटने का इंतजार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पुत्र के देर रात तक भिलाई पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद 6 मई (बुधवार) को अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उनके निधन की खबर से भिलाई के वैश्य समाज में शोक की लहर है। समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उन्हें एक मिलनसार, सरल और सामाजिक व्यक्ति बताया। चंदन वैश्य समाज की पूर्व अध्यक्ष शारदा गुप्ता ने कहा कि पूनमचंद गुप्ता समाज के कार्यों में हमेशा सक्रिय रहते थे। वहीं, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष गुप्ता और राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया।

समाजजनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Share This Article