शादी में गए थे परिवारजन, चोरों ने ताला तोड़कर जेवर-नकदी पर किया हाथ साफ; पुलिस CCTV खंगालने में जुटी
भिलाई, शहर के नेहरू नगर पश्चिम क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। घटना स्क्रैप व्यापारी विनय अग्रवाल के निवास की है, जो परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में रखी अलमारी को खंगाल डाला। बदमाशों ने हीरे, सोने-चांदी के कीमती जेवरात के साथ ही लगभग 1.40 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे जब परिवार शादी समारोह से वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली थी। इसके बाद परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना सुपेला थाने को दी।
सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोहल्ले के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


