ऑपरेशन विश्वास में दुर्ग पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: भिलाई में चिट्टा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

सेक्टर-3 शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी: 21.18 ग्राम हेरोइन, 65 हजार नगद और 6 मोबाइल समेत 3.84 लाख का मशरूका जब्त

भिलाई, ऑपरेशन विश्वास के तहत दुर्ग पुलिस को नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) का अवैध कारोबार करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21.18 ग्राम चिट्टा, 65 हजार रुपये नगद और 6 मोबाइल फोन समेत कुल 3,84,400 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

गोपनीय सूचना पर सेक्टर-3 में दी दबिश
दिनांक 01.05.2026 को थाना भिलाई भट्ठी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-3 शिव मंदिर के पास कुछ लोग अवैध रूप से चिट्टा (हेरोइन) का सेवन और विक्रय कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 5 आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।

NDPS एक्ट में केस दर्ज, संगठित अपराध की धाराएं भी जुड़ेंगी
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई भट्ठी में अपराध क्रमांक 57/2026 धारा 8, 21 NDPS Act के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में संगठित अपराध की धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। वैधानिक कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. हरजिंदर सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी न्यू खुर्सीपार, भिलाई
  2. मोन्टी अरोरा, उम्र 32 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल
  3. सूरज कुमार लोहार, उम्र 31 वर्ष, निवासी राजनांदगांव
  4. नवजोत सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेक्टर-4 भिलाई
  5. ईशा कौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी केम्प-1 भिलाई

जब्त सामग्री का ब्यौरा

  • चिट्टा (हेरोइन): 21.18 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹1,69,440
  • नगदी रकम: ₹65,000
  • मोबाइल फोन: 6 नग, अनुमानित कीमत ₹1,50,000
  • अन्य सामग्री: एल्युमिनियम फॉइल, 10-20 रुपये के जले हुए नोट और लाइटर
  • कुल मशरूका: ₹3,84,400

अवैध कमाई के लिए कर रहे थे धंधा
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के लिए नशीले पदार्थों का संग्रहण और विक्रय कर रहे थे। गिरोह युवाओं को निशाना बनाकर चिट्टा की सप्लाई करता था।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना भिलाई भट्ठी पुलिस टीम के अधिकारी और कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने पर पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की है।

दुर्ग पुलिस की अपील: नशे के खिलाफ दें सूचना
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के प्रति जागरूक रहें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

Share This Article