पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर मौत, बेटी आईसीयू में भर्ती; आरोपी महिला गिरफ्तार, अवैध संबंध और रंजिश की आशंका
दुर्ग, शहर के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र स्थित एसटीएफ कॉलोनी में रविवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक महिला ने आरक्षक नितेश यादव के घर में घुसकर उनकी पत्नी और बच्चों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल होकर आईसीयू में भर्ती है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने घर में घुसते ही आरक्षक की पत्नी पर हमला कर दिया और करीब 10 से 12 बार चाकू से वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचे बच्चों को भी उसने नहीं बख्शा। इस दौरान एक अन्य बच्चा बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

घटना के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच अवैध संबंधों की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी आरक्षक के घर पहुंची थी, जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसी बात को लेकर आपसी विवाद और रंजिश बढ़ गई, जिसके बाद आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
इस दोहरे हत्याकांड से पूरे दुर्ग शहर में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।


