दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

तीन राज्यों में फैला नेटवर्क; लैपटॉप, मोबाइल, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड समेत लाखों का सामान जब्त

दुर्ग, ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संगठित तरीके से संचालित एक अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसमें शामिल पांच आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो भिलाई, एक गोंदिया (महाराष्ट्र), एक प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और एक रायपुर के देवपुरी क्षेत्र का निवासी शामिल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन सट्टे के मामलों में चल रही सतत कार्रवाई के दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज जुए के एक प्रकरण की जांच के दौरान इस गिरोह का खुलासा हुआ। प्रारंभिक पूछताछ और विवेचना में आरोपियों द्वारा बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने के संकेत मिले, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।

जांच में सामने आया कि यह गिरोह छत्तीसगढ़ के साथ-साथ गोवा और अन्य राज्यों से संगठित रूप से सट्टा संचालन कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में दबिश देकर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड और करीब 2 लाख 70 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरोह द्वारा बड़ी संख्या में ‘म्युल अकाउंट’ (दूसरों के नाम पर संचालित बैंक खाते) का उपयोग कर सट्टे के लेन-देन को अंजाम दिया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article