भिलाई इस्पात नगरी में रुद्र सेवा समिति का अनोखा पहल, चना-गुड़ वाले प्याऊ घर का शुभारंभ

Editor
By Editor 2 Min Read

बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ शुरुआत, भीषण गर्मी में राहगीरों को ठंडा पानी, चना-गुड़ और छांव की सुविधा

भिलाई,  इस्पात नगरी भिलाई में भीषण गर्मी के बीच सेवा और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए रुद्र सेवा समिति द्वारा चना-गुड़ युक्त प्याऊ घर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और स्थानीय लोग शामिल हुए।

समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पहल केवल प्यास बुझाने तक सीमित नहीं है, बल्कि राहगीरों को गर्मी से राहत देने का एक मानवीय प्रयास है। प्याऊ घर में ठंडा पानी, चना-गुड़ और पेड़ की छांव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जो लोगों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।

गौरतलब है कि ब्रह्म भट्ट ब्राह्मण समाज द्वारा पिछले दो दशकों से गर्मी के दिनों में प्याऊ घर संचालित किया जा रहा है। समय के साथ यह सेवा अब एक व्यापक रूप ले चुकी है, जिसमें अधिक लोगों की भागीदारी और सुविधाओं का विस्तार देखने को मिल रहा है।

भीषण ग्रीष्म ऋतु में जब तापमान लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में यह प्याऊ घर राहगीरों के लिए राहत का केंद्र बन गया है। यहां मिलने वाला ठंडा पानी, चना-गुड़ और पेड़ की ठंडी छांव लोगों को सुकून का अनुभव करा रही है।

वीडियो

स्थानीय लोगों ने रुद्र सेवा समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंदों को वास्तविक राहत पहुंचाते हैं।

Share This Article