रायपुर, छत्तसगढ में सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण बॉयलर विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि प्लांट परिसर में आग और धुएं का गुबार फैल गया तथा काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जान बचाने के लिए श्रमिक इधर-उधर भागते नजर आए। बताया जा रहा है कि चार लोगों की हादसे में मौत हो गई।
हादसे के समय बड़ी संख्या में मजदूर ड्यूटी पर थे। घटना में करीब 30 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए। प्रारंभिक तौर पर बॉयलर फटना हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने जांच के आदेश देते हुए तकनीकी टीम गठित की है। घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं।






