17 से 26 अप्रैल तक 3-3 फेरे, 22 एलएचबी कोच के साथ 16 स्टेशनों पर ठहराव; गर्मी में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे की विशेष सुविधा
रायपुर, 15 अप्रैल 2026 गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने उधना (सूरत) से सांतरागाछी के बीच समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
गाड़ी संख्या 09073 उधना (सूरत)-सांतरागाछी समर स्पेशल का संचालन 17, 22 और 24 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह ट्रेन उधना से सुबह 11:25 बजे रवाना होकर नागपुर (00:20), गोंदिया (02:30), दुर्ग (05:03), रायपुर (05:43), बिलासपुर (07:30) होते हुए झारसुगुड़ा (10:43) पहुंचेगी। इसके बाद राउरकेला, टाटानगर और खड़गपुर के रास्ते अगले दिन रात 21:00 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 09074 सांतरागाछी-उधना समर स्पेशल 19, 24 और 26 अप्रैल 2026 को चलाई जाएगी। यह ट्रेन सांतरागाछी से रात 00:05 बजे रवाना होकर खड़गपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर और राउरकेला होते हुए झारसुगुड़ा (08:40), बिलासपुर (12:00), रायपुर (13:45), दुर्ग (14:45), गोंदिया (16:50) और नागपुर (19:10) पहुंचेगी तथा अगले दिन सुबह 10:00 बजे उधना (सूरत) पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार, यह समर स्पेशल ट्रेन कुल 22 एलएचबी कोच के साथ चलेगी और मार्ग में 16 प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ट्रेन की समय-सारणी और अन्य जानकारी के लिए एनटीईएस (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग करें।

इस विशेष ट्रेन के संचालन से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के यात्रियों को पश्चिम बंगाल और गुजरात के बीच यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।


