भीषण गर्मी में चला मुफ्त जल-पात्र वितरण अभियान, घायल व बीमार पशुओं के उपचार की भी कर रहे व्यवस्था
भिलाई, पशु-पक्षियों के संरक्षण और सेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री शांतिनाथ जीव दया वेलफेयर एवं एजुकेशन सोसाइटी द्वारा एक सराहनीय और संवेदनशील पहल लगातार जारी है। संस्था का मुख्य उद्देश्य बेजुबान पशु-पक्षियों के जीवन की रक्षा करना और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना है।
भीषण गर्मी को देखते हुए संस्था ने बड़े स्तर पर मुफ्त सकोरे (जल पात्र) एवं कोठने वितरण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत अब तक 10 हजार से अधिक सकोरे और कोठने विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके हैं, जिससे गर्मी में प्यास से व्याकुल पशु-पक्षियों को राहत मिल रही है। वर्तमान वर्ष में भी यह अभियान पूरे उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जारी है।

संस्था के अध्यक्ष श्रेणिक जैन ने भिलाई क्षेत्र के नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि वे भी अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थानों पर पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें। उन्होंने बताया कि संस्था की टीम लगातार लोगों को जागरूक कर इस अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रही है।
इसके साथ ही संस्था घायल और बीमार पशुओं के उपचार की व्यवस्था भी निरंतर कर रही है। यह पहल न केवल पशु संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में दया, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी दे रही है।
इस अभियान को सफल बनाने में रजत जैन, नीरज यादव, दीपक, रौनक, संयम, कलश, वेदांत, साई, समीर, सुशील, सत्यनारायण पात्रो एवं डी. बी. शर्मा सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा है।

संस्था की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है, जो सह-अस्तित्व, करुणा और सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है।


