नवीन नगर और पूर्व पंचशील नगर में दो टीमों ने शुरू किया डोर-टू-डोर सर्वे, 35 घरों का किया निरीक्षण; संदिग्ध महिला को स्वास्थ्य जांच की सलाह
भिलाई, चरोदा भिलाई-3 क्षेत्र में डेंगू और स्वाइन फ्लू के मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण की रोकथाम और संभावित मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दो टीमों का गठन कर नवीन नगर चरोदा और पूर्व पंचशील नगर चरोदा में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण शुरू किया है। टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। विशेष रूप से बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी से पीड़ित लोगों के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में डेंगू और स्वाइन फ्लू के मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। लोगों को लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डेंगू जांच के लिए रैपिड किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इसके अलावा बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी से संबंधित आवश्यक दवाएं भी स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध हैं।
डेंगू मरीज के परिवार की कराई जांच
पूर्व पंचशील नगर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डेंगू से पीड़ित मरीज के घर पहुंचकर उसके परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की। शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चरोदा भिलाई-3 के बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि डेंगू पीड़ित मरीज के परिवार से मुलाकात कर परिवार के सभी सदस्यों की रैपिड किट से जांच कराई गई। जांच के दौरान एक महिला की रिपोर्ट संदिग्ध आई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 पहुंचकर चिकित्सक से स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी है।
एक दिन में 35 घरों का सर्वेक्षण
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को दोनों क्षेत्रों में कुल 35 घरों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों से उनके स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों की जानकारी ली गई। टीम ने बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी या अन्य लक्षण वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी। संदिग्ध मरीजों की पहचान होने पर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी जा रही है।
दो स्वाइन फ्लू मरीजों में एक डिस्चार्ज, दूसरा भी बेहतर
क्षेत्र में सामने आए दो स्वाइन फ्लू मरीजों में से एक मरीज उपचार के बाद डिस्चार्ज हो चुका है। वहीं दूसरे मरीज की हालत भी पहले से बेहतर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार मरीज को शनिवार शाम तक अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों मामलों पर नजर रखी जा रही है।
निगम ने चलाया सफाई अभियान
डेंगू के मामलों को देखते हुए नगर निगम चरोदा भिलाई-3 के अमले ने भी दोनों प्रभावित मोहल्लों में विशेष सफाई अभियान चलाया। नालियों की सफाई के साथ उनमें ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। स्वास्थ्य विभाग और निगम की टीमों द्वारा लोगों को आसपास गंदगी और पानी जमा नहीं होने देने की समझाइश दी गई।
मास्क पहनने और मच्छरदानी के उपयोग की सलाह
सर्वेक्षण टीम ने लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। लोगों से मास्क पहनने, हाथों को साबुन से नियमित रूप से धोने, घर और आसपास साफ-सफाई रखने तथा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने कहा गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि बुखार आने पर इसे सामान्य मानकर घर पर उपचार करने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
सर्वेक्षण अभियान में शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चरोदा भिलाई-3 के बीईटीओ सैय्यद असलम, एलएचवी आर. विश्वास, स्वास्थ्य कर्मचारी प्रभात यादव, डुमेश्वर यादव और कुमेश साहू सहित नगर निगम चरोदा का सफाई अमला मौजूद रहा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि डेंगू और स्वाइन फ्लू के लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर जांच एवं उपचार कराएं।
Link : https://shricgnewscreator.com/health-department-on-alert-following-confirmation-of-dengue-and-swine-flu/













