डॉ. शिखर अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यक्रम, एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरूकता; मरीजों व परिजनों को दी गई जानकारी
भिलाई, विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य अमले और मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की शपथ ली। बीईटीओ सैय्यद असलम ने सभी को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर सैय्यद असलम ने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए संसाधनों की उपलब्धता और आधुनिक विज्ञान की नई तकनीकों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रोगों की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना ही प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने कहा कि विज्ञान निरंतर नई खोजों के माध्यम से उन्नत तकनीक, दवाएं और वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को अपने अनुभव, अध्ययन और मरीजों के फीडबैक के आधार पर सरकार को सुझाव देना चाहिए, ताकि नए शोध और दवाओं के विकास में भारत अग्रणी भूमिका निभा सके।
सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. रवि शंकर सत्यार्थी ने कहा कि बीमारियों की रोकथाम, बचाव, उपचार और निदान को हर स्तर पर मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नई वैज्ञानिक खोजों और शोध कार्यों से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार आया है, जिससे इलाज और निदान पहले की तुलना में आसान हुआ है।

कार्यक्रम के अंत में सैय्यद असलम ने मरीजों और उनके परिजनों को एचपीवी वैक्सीन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा यह वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जो गर्भाशय कैंसर से बचाव में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी 14 वर्ष से अधिक आयु की बालिकाओं को यह वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगवाने की अपील की।
इस कार्यक्रम में डॉ. अर्चना मिश्रा, (एलएचवी) आर. विश्वास, (आरएमए) प्रज्ञा कुशवाहा, (स्टाफ नर्स) गुलशन खलको, रोशन बर्मन (फार्मासिस्ट), तृप्ति चंद्राकर, स्मिता बागड़े, आलिया खातून, समीर रात्रे, निवेश प्रधान, चम्पा कली सोनी, मीरा साहू, सरस्वती ठाकुर, सुनिती वर्मा, प्रितिका सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


