राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन 9,145 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

Editor
By Editor 4 Min Read

तीन दिवसीय अभियान में 10,541 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य, दूसरे व तीसरे दिन घर-घर जाकर छूटे बच्चों को दवा पिलाएंगे स्वास्थ्यकर्मी

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, पहले दिन 9,145 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

तीन दिवसीय अभियान में 10,541 बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य, दूसरे व तीसरे दिन घर-घर जाकर छूटे बच्चों को दवा पिलाएंगे स्वास्थ्यकर्मी

भिलाई, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 एवं चरोदा अंतर्गत डबरापारा में रविवार को राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। अभियान का शुभारंभ अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू तथा डबरापारा के पार्षद तुलसी धुव्र की मौजूदगी में नवजात एवं पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया गया।

इस अवसर पर विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए जब भी पल्स पोलियो अभियान संचालित हो, सभी अभिभावक अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

अभियान के तहत विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में नवजात शिशुओं को भी पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव एवं जिला आरएमएनसीएच कंसल्टेंट डॉ. रश्मि भोसले ने विभिन्न पोलियो बूथों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में जन्मे नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाने के साथ-साथ नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत सभी आवश्यक टीके समय पर लगवाने की अपील भी की।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राथमिक विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, यूपीएचसी चरोदा, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे, जहां बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।

बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि यह अभियान तीन दिनों तक चलेगा। पहले दिन बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई, जबकि दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को दवा पिलाएंगी जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच सके।

उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 अंतर्गत अभियान के सफल संचालन के लिए 55 पोलियो दल, 10 सुपरवाइजर एवं एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा दो मोबाइल टीम एवं दो ट्रांजिट टीम भी गठित की गई हैं, जो विशेष क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की दवा पिलाएंगी।

संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष अभियान के तहत कुल 10,541 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन ही 9,145 बच्चों को दवा पिलाई जा चुकी है, जबकि शेष बच्चों तक अगले दो दिनों में घर-घर पहुंचकर दवा पहुंचाई जाएगी।

अभियान के दौरान विभिन्न वार्डों में वार्ड पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर लोगों को पोलियो उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में वार्ड पार्षद फिरोज फारूखी, पूर्व पार्षद एवं विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल, रवि नाहर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article