परिजनों को 25 लाख मुआवजा और पेंशन की घोषणा
भिलाई, जामुल थाना क्षेत्र स्थित पीक प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड नामक फैब्रिकेशन फैक्ट्री में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से 34 वर्षीय मजदूर किशन महतो की अकाल मृत्यु हो गई।
मृतक खुर्सीपार के गौतम नगर वार्ड 42 का निवासी था और पिछले 5-6 वर्षों से इसी संस्थान में अपनी सेवाएं दे रहा था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम काम करते समय अचानक बिजली आपूर्ति की मुख्य तार नीचे गिर गई। किशन महतो अनजाने में उस तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे बिजली का जोरदार झटका लगा और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। सहकर्मियों ने तत्काल उसे निकटतम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजन और वार्डवासी फैक्ट्री परिसर पहुंचे तथा सुरक्षा में चूक को लेकर विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता हुई। प्रबंधन ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार में शामिल पिता, पत्नी एवं बच्चों को 25 लाख रुपए का आर्थिक मुआवजा देने पर सहमति जताई। इसके अतिरिक्त, बच्चों की शिक्षा-दीक्षा तथा घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मृतक की पत्नी सुमन महतो को प्रति माह 10 हजार रुपए पेंशन रूप देने की घोषणा भी की गई है।
Link : https://shricgnewscreator.com/worker-dies-from-electric-shock-at-industrial-unit/









