चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी सेक्टर-04 से बरामद, बेचने के लिए तलाश रही थी ग्राहक
दुर्ग, शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की वाहन पार्किंग से इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने 28 वर्षीय महिला भोज निषाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे सेक्टर-04 भिलाई से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमन कुमार गेन्ड्रे की टीवीएस आईक्यूब स्कूटी क्रमांक सीजी 07 डीए 7902 को 30 अक्टूबर की रात से 31 अक्टूबर की सुबह के बीच अस्पताल की पार्किंग से चोरी कर लिया गया था। शिकायत पर चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1638/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान मिली सूचना पर पुलिस टीम ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपी ने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर सेक्टर-04, सड़क नंबर 19 स्थित एमओएच छात्रावास परिसर से चोरी की स्कूटी बरामद कर जब्त की गई। आरोपी मूल रूप से जिला धमतरी की निवासी है और वर्तमान में भिलाई में रह रही थी। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Link : https://shricgnewscreator.com/woman-arrested-for-stealing-a-scooter-from-hospital-parking-lot/









