वीडियो वायरल होने के बाद दुर्ग जिले के दो उप निरीक्षक निलंबित

Editor
By Editor 1 Min Read

दुर्ग, दुर्ग जिले में कथित रूप से आरोपी पक्ष से पैसे मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने दो उप निरीक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, थाना पुरानी भिलाई में पदस्थ उप निरीक्षक तुलसीराम साहू तथा थाना खुर्सीपार में पदस्थ उप निरीक्षक देव लाल साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों अधिकारियों पर आरोपी पक्ष से पैसे मांगने के आरोप लगाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर वायरल वीडियो के आधार पर दोनों अधिकारियों का आचरण संदिग्ध एवं विभागीय मर्यादा के विपरीत प्रतीत होने पर यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में दोनों उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

मामले की जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक, छावनी को तीन दिनों के भीतर प्रारंभिक जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आगे आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।

Share This Article