चरोदा में एक ही परिवार के दो सदस्य स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, डेंगू के संभावित मरीज की भी पुष्टि

Editor
By Editor 5 Min Read

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सर्वेक्षण, शनिवार को दोनों क्षेत्रों में चलेगा जागरूकता अभियान; बुखार-सर्दी होने पर जांच कराने की अपील

भिलाई-3, चरोदा नगर निगम क्षेत्र के नवीन नगर चरोदा में एक ही परिवार के दो सदस्यों के स्वाइन फ्लू (एच1एन1) पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। दोनों मरीज वर्तमान में भिलाई के एक निजी अस्पताल में भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 चरोदा के बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि जिला सर्वेलेंस (महामारी रोग नियंत्रण इकाई) द्वारा दोनों मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई है। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सक्रिय किया गया है। चरोदा आदर्श नगर क्षेत्र में एसएसके स्वास्थ्य टीम द्वारा घर-घर सर्वेक्षण किया जा रहा है। टीम लोगों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेने के साथ सर्दी, खांसी, बुखार और अन्य लक्षणों की जानकारी जुटा रही है।

एक मरीज में डेंगू की भी आशंका

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार क्षेत्र में एक अन्य मरीज में संभावित डेंगू की पुष्टि हुई है। बताया गया कि संबंधित व्यक्ति दिल्ली से यात्रा कर चरोदा-भिलाई-3 आया था। वर्तमान में उसका उपचार भिलाई के निजी अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके परिवार और आसपास के लोगों का भी स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। परिवार के किसी अन्य सदस्य में फिलहाल सर्दी, जुकाम अथवा बुखार की शिकायत नहीं मिली है।

दोनों क्षेत्रों में शनिवार को चलेगा जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को दोनों प्रभावित क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को स्वाइन फ्लू और डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्यकर्मी लोगों को समझाएंगे कि बुखार, सर्दी, जुकाम या खांसी जैसे लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से जांच और परामर्श लेना जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लक्षण होने पर शासकीय अस्पताल भिलाई-3 में पहुंचकर उपचार कराएं। यहां आवश्यक जांच और दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। डेंगू की जांच की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

हर बुखार स्वाइन फ्लू या डेंगू नहीं

शहरी खंड चिकित्सा अधिकारी चरोदा डॉ. भुवनेश्वर कठौतिया और मेडिकल आफिसर भिलाई डॉ. शिखर अग्रवाल ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार स्वाइन फ्लू या डेंगू नहीं होता। मौसम में बदलाव के दौरान सीजनल फीवर और वायरल फीवर के मामले भी सामने आते हैं। मौसम के प्रभाव से भी लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। हालांकि लक्षण दिखाई देने पर सतर्क रहना और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने की सलाह

चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाते समय मास्क का उपयोग करने और यथासंभव शारीरिक दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। वहीं डेंगू से बचाव के लिए घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई रखने तथा मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह या भय का वातावरण न बनाएं। बुखार या अन्य लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय जांच कराकर उपचार लेना ही सबसे सुरक्षित उपाय है। शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक जांच, दवाएं और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। विभाग ने नागरिकों से जागरूक नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने कहा है।

Link : https://shricgnewscreator.com/two-members-of-the-same-family-test-positive-for-swine-flu-in-charoda-a-suspected-dengue-case-also-confirmed/

Share This Article