साहित्य सृजन संस्थान की 45वीं मासिक काव्य संध्या आज, कवियों-शायरों का होगा काव्य पाठ

Editor
By Editor 2 Min Read

स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में यूरोलॉजिस्ट डॉ. राहुल कपूर देंगे जानकारी, श्रेष्ठ काव्य पाठ एवं पत्रकार सम्मान भी होंगे प्रदान

रायपुर, साहित्य और संस्कृति के संवर्धन के लिए सक्रिय संस्था “साहित्य सृजन संस्थान” की 45वीं मासिक काव्य संध्या का आयोजन रविवार 17 मई को दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक वृंदावन हॉल, सिविल लाइन्स रायपुर में किया जाएगा। कार्यक्रम में राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कवि एवं शायर अपनी रचनाओं का काव्य पाठ कर साहित्य प्रेमियों को काव्य रस से सराबोर करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस डॉ. संजय अलंग होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. राहुल कपूर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष वीर अजीत शर्मा करेंगे।

इस बार संस्था द्वारा साहित्यिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम को भी जोड़ा गया है। इसके अंतर्गत डॉ. राहुल कपूर, आईएलएस हॉस्पिटल रायपुर के यूरोलॉजिस्ट, स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे तथा उपस्थित श्रोताओं के सवालों के जवाब भी देंगे। आयोजकों के अनुसार यह पहल साहित्य के साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

कार्यक्रम में अप्रैल माह के लिए कवि यशवंत चतुर्वेदी को “श्रेष्ठ काव्य पाठ सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा। वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार गिरीश वर्मा को “श्रेष्ठ पत्रकार सम्मान” प्रदान किया जाएगा।

संस्था की महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष ममता खरे ‘मधु’ एवं संयोजक उमेश कुमार सोनी ‘नयन’ ने साहित्य प्रेमियों, कवियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।

Share This Article