भिलाई, मिनी स्टेडियम भिलाई-3 में आगामी 20 अक्टूबर को भव्यता के साथ विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा। सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव समिति द्वारा लगातार 72 वें वर्ष यह गरिमामय आयोजन किया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार देवांगन एवं कार्यवाहक अध्यक्ष मनीष वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ शाम 5 बजे से होगा। इस अवसर पर लगभग 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन से पूर्व आकर्षक रामलीला का मंचन होगा। वहीं दर्शकों के विशेष मनोरंजन के लिए छॉलीवुड कलाकारों की सौ सदस्यीय टीम द्वारा रामलीला की भक्तिमय प्रस्तुति, आइडियल क्रिएशन एंड वेलफेयर सोसायटी दुर्ग के निर्देशक नकुल महलवार एंड टीम की प्रस्तुति एवं काकीनाडा की प्रसिद्ध रंगारंग आतिशबाजी पूरे कार्यक्रम के दौरान आकर्षण का केंद्र रहेगी।

आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा एवं छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी की अध्यक्ष सुषमा जेठानी संयुक्त रूप से करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शशिकांत बघेल, अहिवारा विधानसभा विधायक प्रतिनिधि सतीष साहू तथा नगर निगम भिलाई-चरोदा विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल उपस्थित रहेंगे। समिति ने सभी क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम का आनंद उठाने की अपील की है।
Link : https://shricgnewscreator.com/the-72nd-dussehra-festival-will-be-celebrated-with-great-enthusiasm-at-the-mini-stadium-in-bhilai-3/









