सेवानिवृत्ति पर शिक्षक बालमुकुंद मढरिया का सम्मान, भावभीनी विदाई दी गई

Editor
By Editor 3 Min Read

स्वामी विवेकानंद विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित समारोह में शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर किया सम्मानित, वक्ताओं ने सेवाभाव, अनुशासन और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को सराहा

भिलाई, स्वामी विवेकानंद विचार मंच के तत्वावधान में आयोजित एक गरिमामय समारोह में शिक्षक  बालमुकुंद मढरिया के सेवानिवृत्त होने पर उनका सम्मान कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान, सेवाभावी कार्यशैली और अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उपस्थित जनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के मुख्य अतिथि  कृष्ण कुमार धुरंधर एवं अध्यक्ष देवेंद्र कुमार बंछोर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात शाल, श्रीफल एवं सम्मान पत्र भेंट कर शिक्षक  बालमुकुंद मढरिया का सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि  कृष्ण कुमार धुरंधर ने अपने संबोधन में कहा कि बालमुकुंद मढरिया ने अपने शिक्षकीय जीवन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया। वे एक सेवाभावी शिक्षक के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और मढरिया जी ने इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे देवेंद्र कुमार बंछोर ने कहा कि बालमुकुंद मढरिया अनुशासनप्रिय एवं कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक रहे हैं। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और समर्पण से विद्यार्थियों तथा सहकर्मियों के बीच विशेष पहचान बनाई। उनका जीवन नए शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षक  बालमुकुंद मढरिया ने भी अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने अपने जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं और शिक्षा क्षेत्र में बिताए गए वर्षों का उल्लेख करते हुए सभी सहयोगियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण कार्य केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है।

कार्यक्रम का संचालन हेमंत कुमार मढरिया ने किया। समारोह में सपना मढरिया, किरण बाला वर्मा, ललित बिजौरा, देवप्रकाश मढरिया, प्रीति एवं टिकेश्वरी सहित अन्य उपस्थितजनों ने श्री मढरिया को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की कामना की।

समारोह का समापन सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षक के सम्मान में शुभकामनाएं व्यक्त करने तथा उनके योगदान को स्मरण करते हुए किया गया।

Share This Article