सुर संगीत संगम मेलोडी मेकर्स ने सजाई सुरों और एहसासों से सजी “शाम-ए-ग़ज़ल”

Editor
By Editor 3 Min Read

भिलाई, सांगीतिक संस्था “सुर संगीत संगम मेलोडी मेकर्स, भिलाई” द्वारा रशियन कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-7, भिलाई में “शाम-ए-ग़ज़ल” का भव्य सांगीतिक आयोजन किया गया। ग़ज़लों की मधुर तान, खूबसूरत शायरी और कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को सुरमयी बना दिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ अंचल के सुप्रसिद्ध गायक अंथोनी फ्रांसिस, शांताराम वानखेड़े, नारायण शास्त्री, कविता सिंह, भारती अशोक एवं सुरूची यादव ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय ग़ज़लों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का मन मोह लिया। प्रत्येक कलाकार ने अपनी विशिष्ट गायन शैली, मधुर आवाज़ और भावपूर्ण अभिव्यक्ति से ग़ज़लों के एहसास को जीवंत कर दिया।

विशेष रूप से अंथोनी फ्रांसिस की ग़ज़लों को श्रोताओं की भरपूर सराहना मिली और उनकी प्रस्तुतियों पर लगातार तालियों एवं वाहवाही से सभागार गूंज उठा। वहीं कविता सिंह, नारायण शास्त्री, शांताराम वानखेड़े, सुरूची यादव एवं भारती अशोक ने भी अपनी उत्कृष्ट गायकी से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

“शाम-ए-ग़ज़ल” में मशहूर शायरों एवं ग़ज़ल गायकों गुलाम अली, तलत अज़ीज़, बेगम अख़्तर, पंकज उधास, जगजीत सिंह, भूपिंदर सिंह एवं मोहम्मद रफ़ी साहब की ग़ज़लों को कलाकारों ने अपनी उत्तम गायकी से जीवंत कर दिया। इन प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को ग़ज़ल संगीत की समृद्ध परंपरा और भावनात्मक गहराई से रूबरू कराया।

“शाम-ए-ग़ज़ल” में प्रस्तुत की गईं ग़ज़लों में प्रेम, विरह, भावनाओं और जिंदगी के विभिन्न रंगों की खूबसूरत झलक देखने को मिली। कलाकारों की सुरमयी प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को ग़ज़लों की उस दुनिया में पहुंचा दिया, जहां शब्दों के साथ भावनाएं भी दिल तक उतरती हैं।

कार्यक्रम का फ़ेसबुक लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे संगीत प्रेमियों ने बड़ी संख्या में देखा और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

कार्यक्रम का संचालन मशहूर शायरा सबा खान ने अपनी लाजवाब शायरी, खूबसूरत अंदाज़-ए-बयां और ग़ज़लों के माध्यम से किया। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति ने कार्यक्रम की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए और पूरे आयोजन को एक शानदार साहित्यिक एवं सांगीतिक रंग प्रदान किया। अंत में आयोजक महेश कुमार विनोदिया द्वारा सभी कलाकारों, दर्शकों और श्रोताओं का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।

“शाम-ए-ग़ज़ल” सुर संगीत संगम मेलोडी मेकर्स की उस सांगीतिक परंपरा का एक और सफल आयोजन रहा, जिसका उद्देश्य भिलाई एवं छत्तीसगढ़ के संगीत प्रेमियों को उत्कृष्ट गायन और संगीत की प्रस्तुतियों से जोड़ना है। सभी कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने इस ग़ज़ल संध्या को सुरों, शायरी और एहसासों से सजी एक यादगार शाम बना दिया।

Link : https://shricgnewscreator.com/sur-sangeet-sangam-melody-makers-presented-a-shaam-e-ghazal-evening-of-ghazals-filled-with-melody-and-emotion/

Share This Article