स्टंटबाजी पड़ी भारी: दो बाइक जब्त, 12 हजार रुपये का चालान

Editor
By Editor 3 Min Read

सेंट्रल एवेन्यू में तेज रफ्तार और स्टंट करते मिले दो युवक, बिना लाइसेंस चला रहे थे बाइक

भिलाई, सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चलाने और स्टंटबाजी करने वाले दो युवकों के खिलाफ यातायात पुलिस दुर्ग ने सख्त कार्रवाई की है। आम नागरिक की शिकायत के बाद यातायात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया। दोनों चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों पर कुल 12 हजार रुपये का चालान किया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा लापरवाहीपूर्वक, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर दो युवकों द्वारा बाइक से स्टंट करने और तेज रफ्तार में वाहन चलाने की शिकायत यातायात पुलिस को मिली थी।

सीसीटीवी से हुई पहचान, दोनों बाइक जब्त

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सिविक सेंटर यातायात जोन प्रभारी ने सीसीटीवी कैमरों से मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों की पहचान की। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। जांच में दोनों युवक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते मिले।

पालकों को बुलाकर दी समझाइश

यातायात पुलिस ने दोनों युवकों के पालकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी। पालकों को हिदायत दी गई कि वे नाबालिग या बिना लाइसेंस वाहन चलाने वाले बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन न दें। साथ ही सड़क पर तेज रफ्तार, स्टंट और अन्य खतरनाक गतिविधियों से दूर रहने के लिए भी समझाया गया।

बिना लाइसेंस वाहन चलाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा गया है।

पुलिस ने नागरिकों से मांगी सहयोग

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों की जानकारी पुलिस को दें। ऐसी सूचना यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479192029 पर दी जा सकती है।

यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क स्टंट करने का मैदान नहीं है। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से चालक के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ती है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Link : https://shricgnewscreator.com/stunt-riding-proves-costly-two-bikes-seized-%e2%82%b912000-fine-imposed/

Share This Article