दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को मिले नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, शेख समी उर रहमान ने संभाला पदभार

Editor
By Editor 3 Min Read

2015 बैच के आईआरटीएस अधिकारी हैं रहमान, वाराणसी मंडल में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला ‘अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार’; दुर्ग के मूल निवासी हैं नए सीपीआरओ

रायपुर, 13 जुलाई, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) के रूप में सोमवार को श्री शेख समी उर रहमान ने पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव से संभाली। डॉ. विलासराव का स्थानांतरण रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) के पद पर किया गया है।

शेख समी उर रहमान भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 2015 बैच के अधिकारी हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में पदस्थापना से पूर्व वे पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्यरत थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक वाणिज्यिक व्यवस्थाओं के विकास तथा गैर-किराया राजस्व (नॉन-फेयर रेवेन्यू) बढ़ाने की दिशा में कई नवाचार किए। उनके नेतृत्व में वाराणसी मंडल ने विभिन्न व्यावसायिक पहलों के माध्यम से उल्लेखनीय अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया।

उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए भारतीय रेलवे ने वर्ष 2024 में उन्हें प्रतिष्ठित ‘अति विशिष्ट सेवा पुरस्कार’ से सम्मानित किया। यह सम्मान रेलवे में उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता और नवाचारों के लिए प्रदान किया जाता है।

रहमान ने अपने सेवा काल में सहायक परिचालन प्रबंधक (एओएम), मंडल परिचालन प्रबंधक (डीओएम) तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी (एसआर डीएसओ) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सफलतापूर्वक दायित्व निभाए हैं। परिचालन, सुरक्षा और वाणिज्यिक प्रबंधन का व्यापक अनुभव उन्हें रेलवे प्रशासन के कुशल अधिकारियों की श्रेणी में स्थापित करता है।

मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी  शेख समी उर रहमान ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। वर्ष 2016 में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय रेलवे यातायात सेवा के लिए चयनित होने के बाद उन्होंने 14 दिसंबर 2016 से भारतीय रेल में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में उनकी नियुक्ति को जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, यात्री संवाद को मजबूत करने तथा रेलवे की जनहितकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दी हैं।

Link : https://shricgnewscreator.com/south-east-central-railway-gets-a-new-chief-public-relations-officer-sheikh-sami-ur-rahman-assumes-charge/

Share This Article