एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, डीप डाइविंग एक्सपर्ट्स ने घंटों की मशक्कत के बाद निकाला शव
बालोद, जिले के दल्ली राजहरा स्थित राखी जलाशय में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एस.डी.आर.एफ दुर्ग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और गहन सर्च ऑपरेशन चलाकर किशोर के शव को जलाशय से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंट्रोल रूम दुर्ग को सूचना मिली थी कि राखी जलाशय में एक बालक डूब गया है। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू के दौरान एसडीआरएफ के डीप डाइविंग एक्सपर्ट राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जघेल ने लगभग 45 फीट गहरे पानी में उतरकर तलाश अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने युवक के शव को पानी से बाहर निकाल लिया और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, राजू महानंद, आशीष, थानेश्वर और भूपेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की तत्परता और समन्वय से अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
मृतक की पहचान आशीष कुमार (17 वर्ष) पिता झुमुकलाल निवासी खम्हार टोला, मानपुर चौकी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




