विश्व आदिवासी दिवस पर मैनपुर के आदिवासी क्षेत्र में बच्चों को बांटे स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री

Editor
By Editor 3 Min Read

उदंती और बंजारी बाहरा गांव में संस्था ने किया वृक्षारोपण, शिक्षक व वरिष्ठजनों का सम्मान; ग्रामीणों ने सराहा सामाजिक पहल

भिलाई, मैनपुर, विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ संस्था की ओर से गरियाबंद जिले के मैनपुर आदिवासी क्षेत्र के ग्राम उदंती और बंजारी बाहरा में सामाजिक सरोकार से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। घने जंगलों के बीच उदंती नदी के किनारे बसे इन गांवों में संस्था के सदस्यों ने बच्चों को स्कूल बैग, शिक्षण सामग्री, फल, मिठाई और बिस्कुट वितरित किए। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गांव के शिक्षक, वरिष्ठजन, सरपंच और अन्य गणमान्य नागरिकों का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। संस्था के इस प्रयास से बच्चों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों और पालकों ने भी सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में किए जा रहे इस कार्य की सराहना की।

शिक्षा और समाजसेवा को बढ़ावा देने का प्रयास

संस्था की ओर से बताया गया कि शिक्षक कला प्रतिभा अकादमी छत्तीसगढ़ समय-समय पर विद्यार्थियों के हित और समाजसेवा के क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां संचालित करती रही है। इसी क्रम में विश्व आदिवासी दिवस पर मैनपुर के दूरस्थ आदिवासी अंचल में पहुंचकर जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। संस्था का उद्देश्य शिक्षा के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में ग्राम उदंती के थाना प्रभारी, ग्राम सरपंच, प्रधान पाठक, शिक्षक, पालक, वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम सरपंच ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराना सराहनीय प्रयास है। इससे बच्चों का मनोबल बढ़ता है और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि भी मजबूत होती है।

इनका रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम के संयोजन में राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक संजय कुमार मैथिल और संस्था अध्यक्ष मीना भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं किरण शर्मा, मनीषा वाइकर, सुषमा हिरवानी, सुनीता जनार्दन, परसराम साहू, नीता साहू, हिरवानी और बबीता गंगने का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम में संस्था की ओर से हेमा चंद्रवंशी, शशि कला पांडे, प्रज्ञा शर्मा, सुदामा प्रसाद लोधी, इंद्रजीत सिंह ठाकुर, महादेव प्रसाद जायसवाल, महेत्तर देवांगन, स्वीटी राजपूत, हेमंत कुमार साहू, तुलसी प्रसाद साहू और वैष्णव सर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मीना भारद्वाज ने किया। आभार प्रदर्शन महादेव प्रसाद जायसवाल ने किया। बच्चों, पालकों, विद्यालय के प्रधान पाठक एवं शिक्षकगण की उपस्थिति ने विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को विशेष बनाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने संस्था के इस प्रयास पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Link : https://shricgnewscreator.com/school-bags-and-educational-materials-distributed-to-children-in-the-tribal-area-of-mainpur-on-world-tribal-day/

Share This Article