चार दिन के रिमांड पर रेलवे अधिकारी और ठेकेदार

Editor
By Editor 2 Min Read

सीबीआई ने विशेष अदालत में पेश किया, पीपी यार्ड में 23 घंटे चली जांच

भिलाई, रेलवे के पीपी यार्ड भिलाई में कथित रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार सीनियर डीएमई अनमोल उईके और ठेकेदार दीपक कुमार वर्मा को सीबीआई ने विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई/एसीबी छत्तीसगढ़ की गिरफ्तारी सूचना के अनुसार दोनों को 14 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।

सीबीआई के अनुसार दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 61(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी की सूचना अनमोल उईके के पिता तथा दीपक वर्मा की पत्नी को दी गई।

इससे पहले पीपी यार्ड में सीबीआई की करीब 23 घंटे तक जांच चली। गुरुवार शाम छह बजे शुरू हुई कार्रवाई शुक्रवार शाम करीब चार बजे पूरी हुई। करीब 10 अधिकारियों की टीम ने सीनियर डीएमई कार्यालय में फाइलों, बिल भुगतान से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच की। जांच के दौरान कर्मचारियों की आवाजाही पर रोक रही। सूत्रों के अनुसार टीम कई दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है।

बताया गया है कि ठेकेदारों के बिल पास करने के एवज में कथित रिश्वत मांगने की शिकायत के बाद सीबीआई ने सत्यापन कराया और इसके बाद कार्रवाई की। जांच में वैगन रिपेयरिंग, सफाई तथा ब्रेक वैन में चेयर बदलने के ठेकों और उनके भुगतान से संबंधित दस्तावेजों पर विशेष ध्यान दिया गया।

Link : https://shricgnewscreator.com/railway-official-and-contractor-remanded-to-four-day-custody/

Share This Article