पीएम स्वनिधि योजना से स्वरोजगार को मिल रहा बढ़ावा, हितग्राहियों को किया गया जागरूक

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई, नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा द्वारा प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राही, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न बैंकों के बैंक प्रबंधक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सहायक राजस्व अधिकारी अरुणिमा दुबे ने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी एवं स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे वे अपने रोजगार को आगे बढ़ा सकें। योजना के तहत समय पर ऋण भुगतान करने वाले हितग्राहियों को अधिक राशि के अगले ऋण की सुविधा भी प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर चंद्रकांति साहू, ममता बंछोर, जनप्रतिनिधि पप्पू डे, शारदा मदनकर सहित भारतीय स्टेट बैंक (SBI), ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईडीबीआई बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बंधन बैंक सहित 13 बैंकों के बैंक प्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हितग्राहियों को डिजिटल लेन-देन, समय पर ऋण अदायगी एवं शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। योजना के तहत नियमित भुगतान करने वाले हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी एवं डिजिटल ट्रांजेक्शन पर प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित हितग्राहियों ने योजना के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे छोटे व्यापारियों एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए लाभकारी बताया। निगम अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया।

Share This Article